अमर उजाला ब्यूरो
खागा (फतेहपुर)। क्षेत्र के रसूलपुर सानी के विद्युत उपकेंद्र का आठ दिन पहले लगा ट्रांसफार्मर फिर फुंक गया। ट्रांसफार्मर फुंकने से करीब एक दर्जन गांवों की बत्ती गुल हो गई है। होली पर बिजली गुल रहेगी। निजी और राजकीय नलकूप बंद हो गए हैं। 13 फरवरी को बिजली आपूर्ति शुरू होते ही उपकेंद्र में लगा पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया था।
20 फरवरी को रायबरेली से ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की गई थी। आठ दिन बाद फिर फुंक गया। ककाही, मांझखोर, कस्बा सोहन, पौली, खैरई, ऐलई, पाई, बसवा आदि करीब एक दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति फिर बंद हो गई है।
पौली के जाकिर, खैरई के मोहम्मद हसीन, मांझखोर के गुरु प्रसाद, कस्बा सोहन के पन्नालाल ने बताया कि बिजली बंद होने से होली अंधेरे में ही मनाना पड़ेगा। जेई सत्यनारायण यादव ने बताया कि अधिक लोड होने पर ट्रांसफार्मर दोबारा जल गया। होली पर्व के बाद ही नया ट्रांसफार्मर लग पाएगा।