अमर उजाला ब्यूरो
अतर्रा। असलहों से लैस छह बदमाशों ने सरेशाम सेवानिवृत्त शिक्षक के घर में घुसकर डकैती डाली। विरोध करने पर शिक्षक व परिजनों को पीटा। बाहर की कुंडी लगाकर फरार हो गए। पुलिस डकैतों की तलाश कर रही है।
तुलसी नगर निवासी हिंदू इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक कमलेश त्रिपाठी के घर सोमवार को शाम करीब छह बजे नकाबपोश बदमाश दाखिल हो गए। तमंचे लगा शिक्षक व परिजनों को बंधक बना लिया। चाभी लेकर अलमारियों आदि की तलाशी ली। विरोध करने पर शिक्षक की तमंचे की बट से पिटाई की। बचाने दौड़ी शिक्षक की पत्नी व बच्चों को भी पीटा। करीब आधा घंटे के लूटपाट के बाद लुटेरे दो मोबाइल फोन, 10 हजार रुपये, एटीएम कार्ड आदि लेकर फरार हो गए। जाते समय धमकाते हुए बाहर की कुंडी बंद कर दी।
कुछ देर बाद गुहार लगाने पर पड़ोसियों ने कुंडी खोली। शिक्षक ने थाने में पुलिस को लूट की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की। लेकिन लुटेरे भागने में कामयाब रहे। थाना इंस्पेक्टर दुर्गविजय सिंह ने बताया कि बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, सरेशाम भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई लूटपाट से दहशत का माहौल है।
-आधा दर्जन असलहाधारी बदमाशों ने बनाया बंधक
-विरोध करने शिक्षक व परिजनों को बुरी तरह पीटा
-मोबाइल, 10 हजार रुपये और एटीएम लेकर फरार