अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। बेला के सेंट्रल बैंक की शाखा में शुक्रवार को नुनारी गांव निवासी एक व्यापारी की जेब से उचक्कों ने एक लाख रुपये निकाल लिए। जब तक पुलिस पहुंचती तब तक उच्चका बैंक से भाग गया। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, पर कामयाबी नहीं मिली।
क्षेत्र के गांव नुनारी निवासी उस्मान खान पुत्र नवीशेर गांव में ही तेल कारखाना लगाए हैं। शुक्रवार सुबह उस्मान सेंट्रल बैंक बेला में दो लाख रुपये जमा करने आए थे। उस्मान ने बताया कि बैंक मैनेजर वीरेंद्र कुमार ने दो लाख रुपये जमा करने से मना कर दिया। बताया कि बिना पैन कार्ड लिंक किए इतनी रकम नहीं जमा कर सकते। वे सिर्फ 49 हजार रुपये ही जमा करवा सकते हैं।
उस्मान ने एक लाख दो हजार रुपये ऊपर की जेब मे रख लिए और 49000 रुपये जमा कर दिए। उस्मान का कहना है कि सफेद शर्ट और नीली जींस पहने युवक व्यापारी के पास आकर खड़ा हो गया। मौका पाकर उसने उस्मान की जेब से एक लाख रुपये निकाल लिए। रुपये गायब देख व्यापारी ने बैंक मैनेजर का जानकारी दी। इस पर बैंक में हड़कंप मच गया।
बैंक से बाहर आकर जब पूछताछ की तो दुकानदारों ने बताया कि एक लड़का तिर्वा रोड की तरफ भागा है। पीड़ित ने घटना की सूचना तुरंत थाना बेला को दी। थाना पुलिस को बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में उस्मान की जेब से रुपये निकालने वाला युवक दिखा तो, लेकिन फुटेज की क्वालिटी खराब होने के कारण चेहरा स्पष्ट नहीं हो पा रहा था। व्यापारी ने बेला थाने में तहरीर दी है।
थानाध्यक्ष बलिराज शाही ने बताया कि पुलिस जल्द टप्पेबाज को गिरफ्तार कर लेगी।