हमीरपुर। डेढ़ माह से सरकारी कार्बाइन लेकर फरार राठ विधायक के आरक्षी गनर के खिलाफ प्रतिसार निरीक्षक ने कोतवाली में अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कराया है।
शनिवार को पुलिस ने आरक्षी को गिरफ्तार कर कार्बाइन बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी आरक्षी का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया और जेल भेज दिया। आरक्षी की अनुशासनहीनता पर एसपी ने उसे निलंबित कर दिया है।
इलाहाबाद के मूलरूप निवासी आरक्षी मिश्रीलाल पुलिस लाइन में आरक्षी के पद पर तैनात है। दो माह पूर्व आरक्षी की तैनाती राठ विधायक मनीषा अनुरागी की सुरक्षा में गनर के रूप में की गई थी। मगर आरक्षी करीब एक डेढ़ माह से बिना बताए नदारद था।
नर के न आने पर विधायक को चिंता हुई तो उन्होंने छह जुलाई को मामले की जानकारी एसपी दिनेश कुमार पी को दी। एसपी ने कार्रवाई करते हुए प्रतिसार निरीक्षक जेपी पांडेय को निर्देशित कर लापता आरक्षी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।
छह जुलाई की रात कोतवाली पुलिस ने प्रतिसार निरीक्षक की तहरीर पर आरक्षी मिश्रीलाल के खिलाफ धारा 409 का मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मामले की विवेचना कोतवाली के एसआई अरविंद कुमार मिश्रा को दी गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस हरकत में आई पुलिस ने गनर की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी आरक्षी को इलाहाबाद स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया।
आरक्षी के कब्जे से पुलिस ने एक कार्बाइन व तीन मैगजीन भी बरामद की है। जिसे पुलिस ने सील कर दिया है। सीओ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि आरोपी आरक्षी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि उसे अनुशासनहीनता के मामले में निलंबित भी कर दिया गया है।
-राठ विधायक की सुरक्षा में तैनात गनर बिना सूचना था नदारद
-अनुशासनहीनता पाए जाने पर एसपी ने किया निलंबित
अमर उजाला ब्यूरो