ककोर। सौ शैय्या अस्पताल के अल्ट्रासाउंड कक्ष में कई दिनों से ताला लटक रहा है और मरीज बैरंग लौट रहे हैं। बुधवार को कक्ष में ताला लटका देकर महिलाओं का धैर्य जवाब दे गया।
एकजुट होकर महिलाएं जिला मुख्यालय पहुंचीं और डीएम जय प्रकाश सगर से शिकायत की। डीएम ने तत्काल सीएमओ को अल्ट्रासाउंड शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला मुख्यालय पहुंचीं महिलाओं ने डीएम से शिकायत की वह करीब एक सप्ताह से अल्ट्रासाउंड के लिए आ रही हैं। मगर सौ शैय्या अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटक रहा है।
इसके कारण उन लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब वे डाक्टरों से पूछतीं हैं तो कोई सही जवाब नहीं मिलता है। पता चला है कि अल्ट्रासाउंड के डाक्टर की रात में ड्यूटी लग रही है।
इसके चलते वे दिन में नहीं आते हैं। महिलाओं की शिकायत पर डीएम जय प्रकाश सगर ने सीएमओ को फोन करके निर्देश दिया कि हर हाल में अल्ट्रासाउंड मशीन शुरू कराई जाए, किसी को परेशानी न हो।
इसके साथ ही सीएमएस डा. राजीव रस्तोगी को भी कड़े निर्देश दिए। इस दौरान मिथलेश कुमारी, ज्ञानवती, किरण देवी, वंदना, उमा देवी, रामवती व विनीता देवी आदि मौजूद रहीं।
- सौ शैय्या अस्पताल का हाल, खफा महिलाओं ने डीएम से की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो