कानपुर देहात। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि जनपद में 1143 मतदाता केंद्र और 1659 मतदेय स्थल तय किए गए हैं। इन स्थलों की सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंपी। बताया कि निर्वाचन आयोग से अनुमोदन के बाद मतदेय स्थलों की यह स्थिति है।
आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया, उसके उद्देश्य एवं महत्वपूर्ण बिंदुओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं उनके प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन संबंधी कार्यों में आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। बैठक में सभी ईआरओ जूम मीटिंग के जरिये जुड़े। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंकित शुक्ला की उपस्थिति में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंकित शुक्ला, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण, जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी आदि उपस्थित रहे। इधर बाद में डीएम, सीडीओ विधान जायसवाल व एडीएम प्रशासन की मौजूदगी में सभी एईआरओ की प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। इसमें मतदाता सूची संबंधी कार्यों को निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं निर्वाचन आयोग के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।