हरदोई। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल की बयानबाजी उनके लिए मुसीबत का सबब बन गई है। सोमवार को श्रवण देवी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में विपक्षियों पर की गई उनकी टिप्पणी पर नगर मजिस्ट्रेट ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है।
सोमवार को श्रवण देवी मंदिर परिसर में सांडी और सदर विधानसभा क्षेत्र का भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ था। इसमें मुख्य अतिथि नरेश अग्रवाल ने तीखे बयान दिए थे। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन पर निशाना साधते हुए होलिका दहन के प्रसंग से जोड़कर बसपा अध्यक्ष मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बिना टिप्पणी की थी। कई अन्य टिप्पणियां भी उन्होंने की थीं। नगर मजिस्ट्रेट और आचार संहिता अनुपालन कमेटी के प्रभारी गजेंद्र कुमार ने इसको संज्ञान में लेकर नरेश अग्रवाल को नोटिस जारी की है। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि उक्त आयोजन की अनुमति ली गई थी और वीडियो रिकार्डिंग देखने पर व्यक्तिगत टिप्पणी का पता चला। तीन दिन में जवाब न मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।