कानपुर देहात। पिछले 24 घंटे में कई बार रुक-रुक कर हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने सर्दी के साथ गलन बढ़ा दी है, जिससे बुधवार को सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, बेमौसम बारिश ने किसानों की धड़कनों को बढ़ा दिया है। इससे तिलहन, दलहन के साथ ही अन्य फसलों में नुकसान होगा।
तेज हवाओं के साथ जनपद के कई स्थानों पर हुई बारिश ने लाही की फसल को खासा प्रभावित किया है। लाही की तैयार फसल गिरने से उसके सड़ने का अंदेशा बढ़ गया है। लाही पकने से किसानों ने कटान का कार्य शुरू कर दिया था। वहीं, बारिश से कटाई का कार्य भी रुक गया है। जबकि जो फसलें गिर गई हैं उनमें फफूंदी लगने की संभावना भी बढ़ गई है। जबकि चना, आलू, मटर जैसी फसलों में भी नुकसान है। जिला कृषि अधिकारी सुमित पटेल बताते हैं कि लाही की फसल में अत्यधिक नुकसान हैं। हालांकि गेहूं की फसल को जरूर फायदा हुआ है, लेकिन यदि तेज हवाओं से साथ बारिश अधिक होती है तो यह सभी फसलों को लिए नुकसान दायक साबित होगी। गेहूं के साथ ही अन्य फसलें गिरने से जहां सड़ने की संभावना बढ़ जाएगी वहीं, उत्पादन भी कम हो जाएगा।
झींझक प्रतिनिधि के अनुसार बारिश के कारण क्षेत्र में लाही की फसल गिरने से किसान परेशान हैं। जबकि कई किसान तो लाही की कटाई के लिए तैयारी कर रहे थे। संदलपुर प्रतिनिधि के अनुसार बारिश के बाद बदले मौसम से लोग परेशान रहे। मौसम को देखते हुए विभागों में भी सन्नाटा छाया रहा, जबकि सरकारी कर्मचारी एक घंटे पहले ही अपने-अपने कार्यालय बंद कर घरों को चले गए।