इटावा। प्रदेश सरकार के पशुपालन मंत्री एसपी सिंह बघेल ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति/जन जाति आयोग द्वारा धनगर को धंकड़ लिखे पर आपत्ति जताई है। उन्होंने इसमें संशोधन करने की मांग की है। कहा कि आयोग ने धनगर समाज की वंशवेल को समाप्त करने का प्रयास किया है। उन्होंने नाम लिए बगैर आयोग के अध्यक्ष रामशंकर कठेरिया पर निशाना साधा। कहा कि समाज का अपमान करने वालों को याद रखने की जरूरत है। बघेल ने मोदी सरकार की कई योजनाओं के साथ गोशालाआें निर्माण के लिए उठाए जा रहे प्रभावी कदम की भी सराहना की।
बघेल रविवार को कालका मंदिर पहुंचे और मैया की पूजा अर्चना करने के बाद कन्या भोज कराया। कन्याओं को दही-जलेबी आदि खिलाकर दक्षिणा दी। इसके बाद उन्होंने भाजपा नेता गोपाल मोहन शर्मा के आवास पर मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि 70 सालों में धनगर समाज का काफी नुकसान हुआ है। लेकिन मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। बघेल ने कहा कि धनगर समाज को अनुसूचित जाति में शामिल किए जाने का मसला सिर्फ संशोधन (क्लेरीफिकेशन) का है। प्रदेश सरकार ने एक शासनादेश जारी किया है। उस शासनादेश के बाद जाति प्रमाणपत्र बनने लगे हैं।
आगरा व इटावा सुरक्षित सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जहां से चाहे वहां से लड़ा दे। वे कहीं से भी लड़ने को तैयार हैं। इस दौरान पशुपालन मंत्री की पत्नी मधु बघेल, शिवकिशोर धनगर, वीरेंद्र बघेल, आदित्य मोहन शर्मा, एसडीएम भरथना एनपी मौर्या, प्रभारी निरीक्षक समीर कुमार, चौकी प्रभारी लखना रमाशंकर उपाध्याय, बकेवर पशु अस्पताल प्रभारी डॉ. सोमेश निगम, पशुधन प्रसार अधिकारी अनिल वीर सिंह चौहान, अजय कुमार आदि मौजूद रहे।
फोटो 03 लखना के कालका मंदिर में पत्नी के साथ पूजा करते प्रदेश के पशुपालन मंत्री एसपी बघेल। अमर उजाला
फोटो 04 कालका मंदिर परिसर में कन्याओं को भोज कराते मंत्री एसपी बघेल। अमर उजाला