संदलपुर (कानपुर देहात)। मंगलपुर थाना क्षेत्र के ककलापुर गांव के पास मंगलवार की देर शाम रास्ते में टूटे पड़े हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर बाइक सवार साले की मौत हो गई जबकि बहनोई गंभीर रूप से झुलस गया। उसे सीएचसी हवासपुर में भर्ती कराया गया।
औरैया के थाना फफूंद के भयशोल निवासी रामहेत (40) काफी दिनों से बीमार चल रहा था। वह मंगलवार को अपने घर से सिकंदरा के आलमपुर निवासी साले सुरेंद्र बाबू (35) के साथ बाइक से दवा लेने आलमपुर जा रहा था। मंगलपुर के ककलापुर गांव के पास पहुंचे, उसी समय पहले से टूटा पड़ा 11 हजार वोल्टेज का तार उसके बाइक उलझ गई। करंट की चपेट में आकर सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामहेत गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हवासपुर में उसे भर्ती कराया। घटना की सूचना पर एसओ मंगलपुर तुलसीराम पांडेय मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।