कानपुर में ठंड की वजह से दिमाग में खून का थक्का अचानक जम जा रहा है, जिससे मरीजों की तुरंत मौत हो रही है। बुधवार को ब्रेन अटैक ने छह लोगों की जान ली। कई मरीज गंभीर हालत में भर्ती हैं। कुछ कोमा में चले गए हैं।
उधर, चार लोगों की हार्ट अटैक और एक की सीओपीडी से मौत हो गई। बुधवार शाम को कल्याणपुर क्रासिंग के पास स्थित बाजार से सामान खरीदने गए प्रभु वर्मा (60) सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़े।
वहां मौजूद लोग उन्हें उठाकर पास में स्थित डॉक्टर के क्लीनिक में ले गए। अस्पताल पहुंचने के पहले ही मौत हो गई। इसी तरह ग्वालटोली के रहने वाले अनंत (55) की ब्रेन अटैक से जान चली गई।
सीटी स्कैन में ब्रेन में थक्का जमा नजर आया। उन्हें सिविल लाइंस स्थित एक अस्पताल ले जाया गया था। नवाबगंज के रहमत (55), रामादेवी के ब्रजेश (62), फजलगंज के दीपक (48) भी अचानक बेहोश हुए।
परिजन उन्हें डॉक्टर के पास ले गए। सीटी स्कैन कराने पर थक्का दिखा। कुछ ही घंटे में इन लोगों की मौत हो गई। चमनगंज के अख्तर (70) ने ब्रेन अटैक से घर पर ही दम तोड़ दिया। कल्याणपुर के राजेंद्र विश्नोई (65), आवास-विकास की गीता (55), ग्वालटोली के शिव (61) और कल्याणपुर के राजेश गुप्ता (60) की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
उन्हें कार्डियोलॉजी संस्थान लाया गया था। गोविंदनगर के प्रह्लाद (62) की सीओपीडी से जान चली गई। हैलट के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. जेएस कुशवाहा ने बताया कि ब्रेन अटैक के मरीज बढ़ रहे हैं। लोग ब्लडप्रेशर नियंत्रित रखें और ठंड से बचें।