फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज में श्रंगीरामपुर में युवती से छेड़छाड़ की रंजिश में पड़ोसी गांव के आधा सैकड़ा लोग हमला करने पहुंचे। कहासुनी के दौरान पहुंची पुलिस ने प्रधान पुत्र सहित 11 लोगों को गिरफ्तार कर एक कार व बाइक थाने ले गई। आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
श्रंगीरामपुर में एक युवती से छेड़छाड़ को लेकर 9 अगस्त को दो पक्षों में विवाद हो गया था। आरोपी युवक को युवती के परिजन पीटकर थाने लाए थे। उन्होंने मामले की तहरीर नहीं दी। इस पर युवक दिनेश पुत्र विनोद का शांतिभंग में चालान कर दिया था।
इसी रंजिश में युवती के एक रिश्तेदार के कहने पर रामपुर मांझगांव के प्रधान अपने पुत्र व मनरेगा मजदूरों के साथ श्रंगीरामपुर पहुंचे। प्रधान करीब 50 लोगों के साथ दिनेश के घर पहुंच गए। बड़ी संख्या में लोगों को आता देख दिनेश घर के दरवाजे बंद कर परिजनों के साथ छत पर चला गया।
दोनों पक्षों में गाली-गलौज होती रही। इसी बीच खुदागंज चौकी प्रभारी उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही हमला करने पहुंचे लोग भागने लगे। रामपुर मांझगांव निवासी प्रधान सूरज के पुत्र शेखर, झुंकू पुत्र सियाराम, गांव अखमेलपुर निवासी सुखराम पुत्र सम्पूरन सिंह, अशोक पुत्र सोनपाल, रामनिवास पुत्र बेचेलाल, विवेक पुत्र रामलड़ैते, अजय पुत्र विष्णुदयाल, धीरेंद्र पुत्र गिरधारी व गांव सिंधौली निवासी मुकेश पुत्र सोनपाल, गुड्डू पुत्र मिथलेश व सोनू पुत्र गिरंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
हमलावरों की एक कार व एक बाइक भी पुलिस थाने ले आई। सभी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। धीरेंद्र ने बताया कि 18 लोग रामपुर मांझगांव में मनरेगा की मजदूरी कर रहे थे। उनको गंगा से रेत उठाने की बात कहकर ट्रैक्टर से श्रंगीरामपुर लाया गया। चौकी प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि हमले की सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचा था। 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।