कानपुर देहात। पूर्ति विभाग ने अपात्र राशनकार्ड धारकों और फर्जीवाड़ा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। ई-केवाईसी न कराने वाले 1, 06, 150 यूनिट के नाम कार्ड से हटाए जाएंगे। अभी तक करीब छह हजार यूनिट के नाम हटाए जा चुके हैं।
जिले में कुल 3, 48, 420 राशनकार्ड धारक हैं। इनमें अंत्योदय के 50, 673 व पात्र गृहस्थी के 2, 97, 747 कार्डधारक हैं। इन कार्डों से जुड़े कुल 13, 18, 571 लाभार्थी हैं जो सस्ती दर पर या निशुल्क राशन प्राप्त करते हैं। सरकार ने राशनकार्ड में चल रहे फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने के लिए पूर्ति विभाग के अधिकारियों से जांच किए जाने के निर्देश दिए थे। साथ ही सभी लाभार्थियों को ई-केवाईसी कराए जाने को कहा था। विभाग के बार-बार कहे जाने के बाद भी करीब 1, 06, 150 ने ई-केवाईसी नहीं कराई। अब इनके नाम राशनकार्ड से हटाए जाए जा रहे हैं जबकि इन्हें राशन दुकान से खाद्यान मिलना पहले ही बंद किया जा चुका है।
विभाग की मानें तो इनमें से 6000 के नाम हटाए जा चुके हैं जबकि अन्य पर कार्रवाई की जा रही है। इस प्रक्रिया में ई-केवाईसी न कराने वालों में सबसे अधिक नाम रसूलाबाद ब्लॉक के हैं। जहां 14, 607 नामों को राशनकार्ड से हटाया जा रहा है वहीं, अमरौधा में 12, 992 के नाम राशनकार्ड से निरस्त किए जा रहे हैं। दरअसल ई-केवाईसी न कराने वाले और लगातार छह महीने से राशन न उठाने वाले उपभोक्ताओं को इस सूची में मुख्य रूप से चिह्नित किया गया है। इसके अलावा, सालाना निर्धारित आय सीमा से अधिक कमाने वाले और ग्रामीण व नगर क्षेत्रों के पात्रता की श्रेणी में न आने वाले कार्डधारकों पर भी गाज गिरी है।
......................
बयान
बार-बार कहे जाने के बाद भी ई-केवाईसी न कराने वाले 1, 06, 150 यूनिट के नाम राशनकार्ड से हटाए जाने की प्रक्रिया की जा रही है। इसमें करीब छह हजार के नाम निरस्त भी किए जा चुके हैं। हालांकि इस दौरान अगर कार्डधारक कोटेदार के पास या कार्यालय में संपर्क कर ई-केवाईसी की प्रक्रिया को पूरा करा लेता है तो वह कार्रवाई से बच सकता है। अगले महीने से उसे राशन मिलना शुरू हो जाएगा। - अभिषेक कुरील, जिला पूर्ति अधिकारी
......................
ब्लॉकों में राशनकार्ड से निरस्त होने वाली यूनिट पर एक नजर
ब्लॉक - कुल राशनकार्ड- कुल यूनिट - निरस्त होने की प्रक्रिया में
अकबरपुर - 39410 - 151109 - 12752
अमरौधा - 44843 - 176125 - 12992
डेरापुर - 25326 - 95190 - 7450
मलासा - 30160 - 115947 - 9712
मैथा - 38293 - 141161 - 8828
राजपुर - 32929 - 120224 - 10492
रसूलाबाद - 46234 - 170155 - 14607
सरवनखेड़ा - 33194 - 124924 - 10736
झींझक - 33543 - 131568 - 10114
संदलपुर - 24486 - 92168 - 8467