रसूलाबाद(कानपुर देहात)। मंगलवार को भेवान गांव के पास नहर में गिरने से तिस्ती गांव निवासी कार सवार तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनों शव गांव पहुंचने पर कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। व्यापारियों ने भी संवेदना में अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद सरोज (45) पत्नी भूप नारायण, उनकी देवरानी सुशीला (44) पत्नी शिव नारायण व उनकी बहन बबली (34) पत्नी शिव सिंह का शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। क्षेत्र के बर्राठर्रा, सहवाजपुर, मकरंदपुर, सूरजपुर, पहाड़पुर, बर्रा जितैया, मद्दूपुर सहित कई गांवों के लोग संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। परिवार व पड़ोसियों के घरों में चूल्हे तक नहीं जले। गांव में सन्नाटा पसरा था। तिस्ती बाजार पूर्णतया बंद रहा।
बता दें कि मंगलवार को महिलाएं अपने देवर प्रेमचंद को देखने ऑल्टो कार से कानपुर जा रहे थी। औनाहां चौकी के समीप कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी जिससे तीनों महिलाओं की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। मृतका सुशीला के एक पुत्री साक्षी व एक पुत्र पियूष जो कक्षा 4 का छात्र है। वहीं मृतका सरोज के 3 पुत्र विपिन (25), विकास (20) व दिनेश (18) है। जबकि मृतका बबली के एक पुत्री कनक (17) व एक पुत्र हर्षल (14) है । सभी बच्चे रोरो कर बेहाल है।