हरदोई। संडीला कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने शस्त्र बनाने की अवैध फैक्टरी पकड़ी। छह तमंचे और तीन अधबने तमंचे सहित पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। असलहे बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी त्रिगुण विशेन ने बताया कि संडीला कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश सिंह को जानकारी मिली थी कि अवैध शस्त्र फैक्टरी का संचालन ग्राम लोहराई में स्थित एक बाग में किया जा रहा है। मंगलवार रात लगभग बारह बजे पुलिस टीम ने लोहराई में स्थित यूके लिप्टस के बाग में छापेमारी की तो मौके से रामशंकर उर्फ भैनू पुत्र रामबली और रोहित पुत्र राम शंकर उर्फ भैनू निवासी लोहराई को गिरफ्तार कर लिया।
मौके से छह तमंचे, तीन अधबने तमंचे, छह कारतूस दो खोखा और असलहा बनाने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी त्रिगुन विशेन ने बताया कि आसपास के जनपदों उन्नाव, लखनऊ, सीतापुर और फर्रुखाबाद अवैध शस्त्रों की सप्लाई की जाती थी। आर्डर पर भी शस्त्र बनाए जाते थे। उन्होंने बताया कि रामशंकर के विरुद्ध संडीला कोतवाली में 11 मामले दर्ज हैं।