नवाबगंज। नगर पंचायत के कांजी हाउस के बाहर प्राथमिक विद्यालय परिसर में शुक्रवार को एक सांड़ मृत मिला। हंगामे की सूचना पर नगर पंचायत कर्मचारी और इओ पहुंचे। उन्होंने पशु चिकित्सक को बुलवाया और मृत मवेशी का पोस्टमार्टम कराया। ईओ ने बताया कि सांड़ बीमार था, ठंड लगने की वजह से उसकी मौत हो गई।
नगर पंचायत प्रशासन ने आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान शुरू किया है। अब तक एक सैकड़ा से अधिक आवारा मवेशियों को कांजी हाउस में बंद किया गया है। यहां पशुओं के लिए समुचित व्यवस्था नहीं है। शुक्रवार सुबह कांजी हाउस में तीन मवेशियों की मौत होने की चर्चा शुरू हुई तो हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में सभासद आनंद कुमार बाजपेयी व कस्बे के अन्य लोग पहुंचे तो एक मवेशी कांजी हाउस के बाहर प्राथमिक विद्यालय परिसर में मृत मिला।
लोगों ने आरोप लगाया कि कांजी हाउस में गुरुवार रात तीन मवेशियों की ठंड और भूख से मौत हुई है। इस पर नगर पंचायत कर्मचारी और ईओ कुलवंत सिंह भी पहुंचे। उन्होंने पशुचिकित्सक राजेश मौर्य को बुलवाया और मृत मवेशी का पोस्टमार्टम कराया। ईओ ने बताया कि कांजी हाउस में मवेशियों के लिए पर्याप्त व्यवस्था है। भीतर किसी भी मवेशी की मौत नहीं हुई। बाहर एक मवेशी मृत मिला है। वहीं सभासदों ने दो अन्य मवेशियों के शव गायब करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
- हंगामे पर ईओ ने कराया पोस्टमार्टम