बहुआ (फतेहपुर)। फसल की रखवाली कर रही एक वृद्धा पर शनिवार देर शाम नीलगायों के झुंड ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी वृद्धा ने सीएचसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना ललौली थाने के समदपुर खाबर गांव में हुई। यहां के रामसजीवन पाल की पत्नी बुद्धरानी देवी (62) देर शाम साढ़े छह बजे गांव किनारे खेत की रखवाली कर रही थी। अचानक नीलगायों का झुंड पहुंच गया। खेत चरने से बचाने के लिए वृद्धा डंडा लेकर दौड़ी, तो नीलगायों ने उस पर हमला कर दिया। नीलगायों ने उसे सींग से उठाकर पटक दिया। वह किसी तरह चीख-पुकार मचाकर भागी, पर नीलगायों ने वृद्धा पर दोबारा हमला कर दिया। वृद्धा की चीख सुनकर खेतों में काम कर रह ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नीलगायों को खदेड़ा। वृद्धा के गले से खून बह रहा था। सूचना पर पहुंचे परिजन व ग्रामीण घायल महिला को बहुआ सीएचसी लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में मौत हो गई। बुद्धरानी की दो बेटियां सुनीता व गीता मां की मौत से बेहाल हैं। एसओ राजेश मौर्या ने बताया कि परिजनों से घटना के बारे में लिखित में मांगा गया है। मृतका के परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
नीलगायों ने वृद्धा को मार डाला
फसल की रखवाली करते समय पहुंचा था नीलगायों का झुंड, डंडा लेकर दौड़ने पर किया हमला
अमर उजाला ब्यूरो