कानपुर देहात। जिले में सोमवार को 80 केंद्रों पर सबसे ज्यादा 10148 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसमें 6607 युवाओं ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई।
जिले में रविवार रात कोविड वैक्सीन की करीब दस हजार डोज भेजी गई थी। सोमवार को इसे जिले के सभी अस्पतालों में भेजा गया। इसके बाद 80 केंद्रों पर वैक्सीनेशन शुरू हुआ। शाम तक 10148 लोगों ने टीकाकरण कराया।
नोडल अफसर डॉ. महेंद्र जतारया ने बताया कि टीकाकरण में युवाओं ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। 6607 युवाओं ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई वहीं 38 युवाओं ने दूसरी डोज लगवाई। 45 साल से अधिक उम्र के 2565 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई।
इसके अलावा 938 ने दूसरी डोज लगवाई। इससे पहले जिले में वैक्सीन की किल्लत चल रही थी। हालांकि अफसरों का कहना है कि अब जिले में वैक्सीन की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। विभाग का उद्देश्य है कि जिले के हर व्यक्ति हो वैक्सीन लगाई जाए।
कोविड प्रोटोकाल का नहीं हुआ पालन
रसूलाबाद। सीएचसी समेत पांच जगहों पर सोमवार को लोगों का टीकाकरण किया गया। इस दौरान नौ सौ लोगों को वैक्सीन लगाई गई। सोमवार सुबह टीका लगवाने के लिए अस्पताल में भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का भी ध्यान नहीं रखा गया। लोग बिना मास्क घूमते नजर आए।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि जिले से वैक्सीन की एक हजार डोज भेजी गई थी। सीएचसी में दो बूथ पर दो सौ लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसके अलावा नारखुर्द में 150, सजावारपुर में 150, रसूलाबाद देहात में 140, मलखानपुर में 150, मुलही में 90 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया।
85 लोगों का सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा
संदलपुर। सीएचसी में सोमवार को हवासपुर गांव से आए ग्रामीणों का एलटी संजू मिश्रा ने कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया। सीएचसी हवासपुर के प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि 85 लोगों का सैंपल लिया गया है। जिसे कानपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। (संवाद)
पुखराया व देवीपुर में खत्म हुई वैक्सीन
पुखरायां। सीएचसी पुखरायां और देवीपुर सहित अलग-अलग गांवों में लगाए गए कैपों मेें सोमवार को 2209 लोगों को टीके लगाए गए। पुखरायां सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अनूप सचान ने बताया सीएचसी के कैंप में 200 लोगों के टीके लगाए गए हैं। वहीं अमरौधा के एमओआईसी डॉ. आदित्य सचान ने बताया नगर पालिका कार्यालय में 165, बरौली में 109, चकचालपुर में 143, अमरौधा पीएचसी में 111, मूसानगर पीएचसी में 168, नोनापुर में 161 लोगों को टीके लगाए गए।
वैक्सीन की 1000 डोज मिली थी जो खत्म हो गई। देवीपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकास कुमार ने बताया कि सीएचसी कैंप में 175, सिथरा खुर्द में 110, दोहरापुर में 168, नेराकृपालपुर में 121, देव बृह्मापुर में 143, मदारीपुर 117, विरमा में 153, गौरीकरन में 165, लोगों के टीके लगाए गए। बताया कि अब वैक्सीन खत्म हो गई। मंगलवार को वैक्सीन मिलने के बाद टीकाकरण हो पाएगा।