यूपी के उन्नाव जिले में डेंगू ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। हसनगंज थानाक्षेत्र के एक गांव में तीन साल की बच्ची व 11 साल का छात्र डेंगू की चपेट में आया है। लखनऊ में जांच के दौरान डेंगू की पुष्टि हुई है। गुरुवार को जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की संक्रामक रोग विभाग की टीम ने गांव पहुंच फागिंग कराई। इसके अलावा डेंगू से पीड़ित बच्चों के परिजनों को दवाएं भी दी गई।
हसनगंज थानाक्षेत्र के गांव सेमरामऊ निवासी शिवसागर (11) पुत्र महेश को परिजनों ने 24 अगस्त को लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में तेज बुखार आने पर भर्ती कराया था। बलरामपुर में हुई जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। तीन दिन इलाज के बाद चिकित्सकों ने शिवसागर को घर भेज दिया था। इस बीच जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को सौंप दी गई। गुरुवार को संक्रामक रोग नियंत्रण टीम डा. आरएस मिश्रा के नेतृत्व में गांव पहुंची। यहां शिवसागर के घर के आसपास फागिंग और दवा का छिड़काव कराया।