कानपुर देहात। रसूलाबाद क्षेत्र के असालतगंज में फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमीन का बैनामा कराने के करीब 42 साल पुराने मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने बुधवार को फैसला सुनाया। न्यायालय ने दोष सिद्ध होने पर अभियुक्त मथुरा लोधी को 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई। साथ ही दो लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया।
रसूलाबाद के मेधन मजरा असालतगंज निवासी लाल मोहम्मद ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि जुलाई 1984 में उन्होंने मयारामा निवादा के मथुरा लोधी से जमीन का बैनामा कराया था। आरोप था कि मथुरा लोधी ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर मजरा मानपुर निवासी मथुरा पुत्र मुल्ला की दो बीघा, एक बिस्वा और आठ बिस्वांसी जमीन का बैनामा कर दिया था।
अगस्त 1990 में मामले का खुलासा होने पर लाल मोहम्मद ने शिकायत की। इस पर आरोपी ने उनके साथ गालीगलौज करते हुए धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की थी। मामले की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायालय फास्ट ट्रैक कोर्ट में चल रही थी। बुधवार को सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायालय ने मथुरा लोधी को दोषी करार देते हुए 10 वर्ष के कारावास और दो लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।