कानपुर। नौबस्ता से 60 किलोमीटर दूर हमीरपुर हाईवे पर 10 कट बंद किए जाएंगे। यह बेहद खतरनाक हैं जिनकी वजह से आए दिन सड़क हादसे होते हैं और जाम लगता है। यह निर्णय सोमवार को ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, जिला प्रशासन की संयुक्त टीम के निरीक्षण के बाद लिया गया है। कुछ जगह सड़क पर तकनीकी खामियां भी पाई गई हैं जिसे जल्द ही दूर किया जाएगा।
नौबस्ता हमीरपुर हाईवे पर रोजाना लाखों की संख्या में वाहनों की आवाजाही है। यहां से दोपहिया, तीन पहिया वाहनों के अलावा बस, ट्रक, डंपर और ट्राला चलते हैं। 24 जुलाई को डीआईजी ट्रैफिक अरविंद कुमार मौर्या ने नौबस्ता से हमीरपुर हाईवे का निरीक्षण किया था। उनके साथ डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार, एसीपी ट्रैफिक अमित कुमार, आरटीओ, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई के अधिकारी भी थे। टीम 60 किलोमीटर की दूरी तक गई। इस हाईवे पर 10 ऐसे कट मिले, जिनकी वजह से हादसे हो रहे हैं। यहां पर तेज गति से वाहनों की आवाजाही होती है। अचानक से कट पर दूसरे वाहनों के मुड़ने से हादसे हो जाते हैं।
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि हाईवे पर कई झुके हुए पेड़ मिले जिनसे हादसे के खतरे की आशंका है। उनको कटवाया जाएगा। ब्लैक स्पॉट पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टिव बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और अन्य आवश्यक बोर्ड लगाए जाएंगे। कुछ जगहों पर तकनीकी दिक्कतें मिली हैं। उनको दूर किया जाएगा। इस कार्य में एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी सहयोग करेंगे। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार के मुताबिक संयुक्त टीम ने दस कट बंद करने की बात कही है। इसकी रिपोर्ट मांगी है।