धनतेरस और दीपावली को देखते हुए सर्राफा कारोबारियों ने शाही डिजाइन वाले चांदी के कई उत्पाद बाजार में उतारे हैं। चांदी के लेडीज पर्स पहली बार बाजार में आए हैं। इनकी अधिकतम कीमत सवा लाख रुपये है। इसके अलावा चांदी का ताजमहल, गोल्ड कोटेड बाउल सेट, चांदी का थारा, टीसेट, थाली की भी जबरदस्त डिमांड है।
गोविंद नगर स्थित आर लाला जुगुल किशोर एंड संस के निदेशक रुचिर रस्तोगी ने बताया कि दिवाली पर चांदी के बने उत्पादों (चांदी का सिक्का, पायल) आदि की मांग सबसे ज्यादा होती है।
लेकिन इस बार चांदी के भाव में कमी के चलते कारोबारियों ने कई उत्पाद बाजार में उतारे हैं। उप्र सर्राफा एसोसिएशन के मंत्री राम किशोर ने बताया कि भाव में कमी के चलते ग्राहक भारी आइटमों की मांग कर रहे हैं।
आइटम और कीमत
लेडीज पर्स : 10 हजार से सवा लाख रुपये। ताज महल : नौ हजार रुपये। चांदी का थारा : 65 हजार रुपये। चांदी का गोल्ड प्लेटेड बाउल सेट : दो हजार रुपये। चांदी का टी सेट नक्काशीदार : 15 से 16 हजार। राधा कृष्ण की मूर्ति ठोस : 50 हजार से एक लाख।
(नोट : भार के अनुसार कीमत घट बढ़ भी सकती है।)
मोती विथ डायमंड लुक
बाजार में इस बार रत्नों की बनीं डायमंड की ईयर रिंग, फिंगर रिंग भी आई है। इसे मोती विथ डायमंड लुक का नाम दिया गया है। इसमें मोती के साथ पूरा डायमंड लगाया गया है। इनकी कीमत 65 से 70 हजार है। ईयर रिंग तीन से चार लाख तक के हैं।
एक किलो की चांदी की ईंट, नोट भी
बाजार में एक ग्राम चांदी के सिक्के से लेकर एक किलो ठोस चांदी की ईट बाजार में है। इसके अलावा 100 रुपये और 1000 रुपये के चांदी के नोट भी बाजार में आए हैं। 50, 100, 500 ग्राम के चांदी के सिक्के की भी डिमांड है।