सौरिख(कन्नौज)। घर में लगे हैंडपंप से पानी लेने गया युवक सबमर्सिबल की वजह से हत्थे से उतरे करंट की चपेट में आ गया। युवक को परिजन तिर्वा मेडिकल कालेज ले गए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बुधवार को युवक की शादी के लिए रिश्ता आने वाला था।
बुधवार सुबह क्षेत्र के ग्राम सराय प्रताप निवासी रामकिशोर(23) पुत्र प्रताप सिंह घर के आंगन में लगे हैंडपंप से पानी लेने गए थे। हैंडपंप में सबमर्सिबल पड़ा है। हैंडपंप के हत्थे को छूते ही वह करंट की चपेट में आ गए। करंट से वह झुलस गए। मेडिकल कालेज में मौत की पुष्टि होेते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक की मां मंगला व भाई-बहनों का हाल बेहाल हो गया।
रामकिशोर परौर गांव में स्थित एक मेडिकल स्टोर में काम करते थे। पिता प्रताप सिंह किसान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार को राजकिशोर के लिए शादी का रिश्ता आने वाला था। इससे घर में साफ-सफाई चल रही थी।