कन्नौज। सड़क हादसे में शुक्रवार को एक युवक की मौत हो गई। हादसा मानीमऊ के पास हुआ, जहां पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव तेरामल्लू निवासी मंसुख (42) देर शाम बाजार करने सरायमीरा आया था। वह बाजार से सामान खरीदकर घर जा रहा था। तभी मानीमऊ गांव के पास पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मंसुख सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हादसा देखा तो मौके पर दौड़ पड़े। तब तक वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना 108 एंबुलेंस और पुलिस को दी। एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर हाल बेहाल है। वह घर का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।