कन्नौज। शहर के करीब एफएफडीसी संस्थान के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक का शरीर कई हिस्सों में बंट गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। काफी देर बाद उसकी शिनाख्त हो सकी।
हादसा सोमवार की सुबह करीब 10 बजे हुआ। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने ट्रैक पर शव पड़ा देखा तो खलबली मच गई। लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सदर कोतवाली के मकरंदनगर चौकी से पुलिस भी पहुंच गई।
ट्रैक के बीचोबीच शव कई टुकड़ों में पड़ा मिला। शव के पास से मिले कुछ सामान से पहचान करने पर उसकी शिनाख्त शहर के करीब पैंदाबाद गांव के निवासी रमेशचंद्र के पुत्र शिवम (22) के रूप में हुई।
हालांकि वह वहां तक कैसे पहुंचा और ट्रेन की चपेट में कैसे आया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सटा है। मकरंदनगर चौकी प्रभारी आनंद पांडेय ने बताया कि परिवार को सूचना दी गई है। वह भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।
शव की हालत देखकर लोगों के बीच अलग-अलग चर्चा रही। मौके पर मौजूद कुछ लोग इसे हादसा बताते रहे। उनका मानना था कि रेवले ट्रैक पार करते समय ट्रेन को न देख पाने से युवक उसकी चपेट में आया होगा।
वहीं, कुछ लोगों का मानना था कि जिस जगह पर शव मिला है, उधर से लोग ट्रैक कम ही पार करते हैं। कोई रास्ता भी नहीं है। लोग इसे आत्महत्या से भी जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की बात कर रही है।