कन्नौज। जनपद के 10 शिक्षकों को मूल्यांकन से वंचित कर दिया गया है। यह कार्रवाई यूपी बोर्ड ने की है। बताया गया है कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा व कॉपियों के मूल्यांकन में लापरवाही बरतने पर यह कार्रवाई हुई है।
डीआईओएस राजेंद्र बाबू ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज की ओर से भेजी गई सूची में सुभाष हायर सेकेंडरी स्कूल नेरा के शिक्षक आशा राम मिश्र, एसवीएस इंटर कॉलेज के सुख लाल राठौर, शशि कला मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल शांति नगर सौरिख के गौरव यादव, प्रमोद कुमार व सुरेंद्र सिंह को डिबार घोषित किया गया है।
इसी तरह भारतीय इंटर कॉलेज कायमपुर सौरिख के शिक्षक सत्येंद्र कुमार, आदर्श बाल विकास इंटर कॉलेज कायमपुर सौरिख के उपेंद्र कुमार, दुर्विजय सिंह अमर सिंह इंटर कॉलेज भटपुरी सौरिख के अवधेश सिंह, अमर सिंह इंटर कॉलेज भटपुरी सौरिख के प्रेम प्रकाश व सुधीर कुमार के नाम हैं। इन सभी को डिबार किया गया है। यह लोग हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन नहीं कर पाएंगे।
डीआईओएस ने केके इंटर कॉलेज व एसवीएस इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्रों के उप नियंत्रकों को भी पत्र भेजा है। बताया गया है कि कई परीक्षक 2021-23 तक के लिए डिबार हैं।