हसेरन। सरेराह एक युवती को रोककर छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसे चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। पीड़िता प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए भटक रही है।
सौरिख थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती ने बताया कि वह 13 जून की शाम सात बजे भाई की दुकान से घर लौट रही थी। तभी गांव का ही रहने वाले समुदाय विशेष के एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और चाकू निकालकर धमकाते हुए उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर युवक ने उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
बचाव में लोगों को आते देख युवक ने गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर युवक का शांति भंग की आशंका के तहत चालान कर दिया। युवती ने चौकी स्तर पर न्याय न मिलने पर थाने में गुहार लगाई। युवती ने तहरीर बदलने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि छिबरामऊ सीओ को भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी। सत्यता पाए जाने पर कार्रवाई होगी।