ठठिया। रिश्ता टूटने से आहत युवती का शव शुक्रवार को कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। परिजन ने एक रिश्तेदार युवक पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के जस्सापुरवा गांव निवासी उपासना (19) का विवाह सौरिख थानाक्षेत्र के रौसेन गांव निवासी एक युवक के साथ तय हुआ था। गोद भराई समेत अन्य रस्में पूरी हो चुकी थीं और केवल विवाह की तिथि तय होना बाकी था। इसी बीच किसी कारणवश विवाह का रिश्ता टूट गया। इस कारण युवती परेशान और उदास रहने लगी थी। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को युवती घर के दूसरे मकान में बने एक कमरे में चली गई थी। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को संदेह हुआ। कमरे की जांच करने पर युवती का शव फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की मां सुषमा ने रिश्तेदारी के एक युवक पर बेटी को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवक के कारण ही विवाह का रिश्ता टूट गया, जिससे उनकी बेटी मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से दी जाने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।