कन्नौज। घरेलू विवाद में बुधवार को युवक ने बहनोई के चाकू मार दिया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया, जहां पर रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अहमदीटोला निवासी मोहम्मद इकलाख की मोहल्ला हाजीगंज में ससुराल है। पत्नी निशा ने बताया कि सात अगस्त को वह पति के साथ अपने मायके गई थी, जहां पर भाई ममनून शराब के नशे में आए और पति को गाली-गलौज करने लगा। पति के विरोध करने पर ममनून ने चाकू मार दिया और फरार हो गया। आनन-फानन में वह लोग जिला अस्पताल ले गए, जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर में इलाज के दौरान रविवार को पति की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। पत्नी ने बताया कि पुलिस को तहरीर दी जाएगी। कोतवाल जेपी शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट
भाई बोला, सभी साले घटना में शामिल
भाई मुस्ताक ने बताया कि मोहम्मद इकलाख का बुधवार को ससुराल में विवाद हुआ। इसके बाद ममनून और उसके अन्य भाइयों ने मिलकर इकलाख को मारापीटा और चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना को दबाने के लिए झोलाछाप से इलाज कराया। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया। वहां पर इलाज के दौरान भाई की मौत हो गई।