छिबरामऊ। खेत से भूसा लेने जा रहे युवक का ट्रैक्टर-ट्राॅली खाई में पलट गई। ट्रैक्टर के नीचे दबकर युवक की मौत हो गई। मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना विशुनगढ़ के गांव धनसिंहपुर नगरिया निवासी पवन यादव (22) पुत्र गणेश यादव रविवार की सुबह 11 बजे ट्रैक्टर-ट्राॅली से अपने खेत पर भूसा लेने जा रहे थे। गांव के बाहर पहुंचते ही पवन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे सड़क किनारे खाई में ट्रैक्टर ट्राली पलट गई।
ट्रैक्टर के नीचे दबने से पवन गंभीर रूप घायल हो गया। हादसे के बाद आस पास मौजूद ग्रामीणों ने पवन को बाहर निकाला और परिजनों के साथ इलाज के लिए सौ शैय्या अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सक ने पवन को मृत घोषित कर दिया। जानकारी पाकर परिजन रोने चिल्लाने लगे।
मृतक पवन दो भाइयों मेें छोटा था। वह गांव के पास ही स्थित एके डिग्री काॅलेज में स्नातक का छात्र था। सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।