गुरसहायगंज। काली नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया युवक गहरे पानी में जाने से डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर नदी के किनारे मौजूद गोताखोर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई। देर शाम तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका।
गुरसहायगंज कस्बा के मोहल्ला अफसरी निवासी राशिद (35) अपने दोस्त तस्दीक (35), शाहरुख (30) और महताब (35) के साथ रविवार की दोपहर क्षेत्र के ग्राम इंदुइयागंज स्थित काली नदी के किनारे पिकनिक मनाने गए थे। राशिद ने दोस्तों से नहाने की बात कही और नदी में नहाने के लिए उतर गया। नदी की गहराई अधिक होने पर वह पानी में बहने लगा, जिस पर शाहरुख ने उसे बचाने का प्रयास किया और पानी में डूबने लगा। दो अन्य दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया और गमछे की मदद से शाहरुख को नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन पानी के बहाव में बह गया।
दोस्तों ने शोर मचाया, जिस पर नदी किनारे मौजूद गोताखोर उसे ढूंढने के लिए कूद गए। काफी प्रयास के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। जानकारी पर एसडीएम छिबरामऊ उमाकांत तिवारी, कोतवाल आलोक दुबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोताखोरों की मदद से राशीद को तलाश करवाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। कोतवाल आलोक दुबे ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम राशिद की तलाश में लगी हुई है। सूचना पाकर पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी, सपा नेता छोटे ठाकुर, पूर्व सभासद सिराजुल आफाक आदि लोग भी मौके पर पहुंच गए।