गुरसहायगंज। सूरत जाने के लिए घर से निकले 32 वर्षीय युवक का सफर मौत के साथ खत्म हो गया। भागलपुर-गांधीधाम साप्ताहिक एक्सप्रेस में सफर के दौरान युवक शनिवार की देर रात अचानक ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के टिकरा गांव निवासी लवकुश (32) सूरत जाने के लिए भागलपुर-गांधीधाम साप्ताहिक ट्रेन में सवार हुए थे। यात्रियों के मुताबिक, ट्रेन में सफर के दौरान वह गेट के पास थे। इसी बीच अचानक नीचे गिर गए। हादसे के बाद यात्रियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी भिजवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। खबर लिखे जाने तक परिजन अस्पताल नहीं पहुंच सके थे। कोतवाल ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रेलवे पुलिस कार्रवाई करेगी।