गुरसहायगंज। सराफ की दुकान में एक युवक सोने के तीन पैंडल लेकर फरार हो गया, जिनकी कीमत सवा लाख रुपये बताई गई। आसपास के लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन खाली हाथ रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर बदमाश को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है।
गुरसहायगंज कस्बा के मोहल्ला शास्त्री नगर जीटी रोड निवासी अभिषेक कौशल की घर में कृष्णा ज्वैलर्स के नाम से सोने चांदी के आभूषणों की दुकान है। अभिषेक ने बताया कि शनिवार की दोपहर करीब एक बजे मुंह पर मास्क लगाकर एक युवक दुकान में आया।
युवक ने सोने के पैंडल दिखाने को कहा। कुछ देर पैंडल देखने के बाद युवक ने चार पैंडल मुट्ठी में दवा लिए और भाग खड़ा हुआ। अचानक हुई इस घटना से दुकानदार घबरा गया और उसने शोर मचाया, जिस पर लोगों ने युवक का पीछा किया, लेकिन वह जीटी रोड स्थित एक गेस्ट हाउस के अंदर घुसकर दीवार फांदकर भाग गया।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से मौके पर दुकानदारों की भीड़ लग गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे, लेकिन इसके बाद भी युवक का कोई पता नहीं लग सका। अभिषेक ने बताया कि युवक चार पैंडल लेकर भागा था, जिसमें से एक गिर गया और तीन पैंडल लेकर फरार हो गया।