सौरिख। औरैया में लोकसभा चुनाव ड्यूटी के प्रशिक्षण से लौट रहे सफाई कर्मी की बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल सफाई कर्मी को सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
मैनपुरी जनपद के गांव नगला बील पोस्ट कैथोली निवासी राकेश चंद्र (50) औरैया के थाना एरवा कटरा के गांव बढ़िन में सफाई कर्मी के पद पर तैनात था। शनिवार को तृतीय मतदान अधिकारी का प्रशिक्षण औरैया से करके अपने गांव लौट रहा था। थाना क्षेत्र सौरिख में बिधूना रोड पर महेंद्र सिंह निम की बगिया के सामने अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में सफाई कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राकेश चंद्र को सीएचसी सौरिख ले गए, जहां चिकित्सकों ने राकेश चंद्र को मृत घोषित कर दिया। मृतक के तीन बेटे व तीन बेटियां हैं। घटना से बेटे दीपक, रामू, नितिन, बेटी मधु व पत्नी आशा देवी का रो-रो कर बुरा हाल रहा। परिजनों ने बताया राकेश की औरैया विधानसभा क्षेत्र 203 दिबियापुर में चुनाव ड्यूटी लगी थी, जिसका वह प्रशिक्षण लेने गया था।