जिले की तीनों विधान सभाओं में चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष कराने के लिए पैरा मिलेट्री की 51 कंपनी और दो सेक्सन को लगाया गया है। इसके अलावा 6,686 पुलिस जवानों को जिम्मेदारी दी गई है। मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में भीड़ नहीं लग सकेगी।
जिले में 19 फरवरी को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। सुरक्षा को लेकर एसपी दिनेश कुमार पी ने चाक चौबंद व्यवस्था की है। प्रत्येक मतदान केंद्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एसपी की माने तो एक सामान्य मतदान बूथ पर आधा सेक्सन पैरा मिलेट्री के जवानों के साथ दो पुलिस जवान और होमगार्डों को लगाया गया है। पुलिस मतदान केंद्र की बाहरी व्यवस्था को देखेगी। जबकि पैरा मिलेट्री के जवान मतदान प्रक्रिया को शांति पूर्वक कराएंगे।
इसी तरह से प्रत्येक संवेदनशील मतदान बूथ पर एक सेक्सन पैरा मिलेट्री के जवान और पुलिस लगाई गई है। अधिकतर मतदान केंद्रों पर कई-कई बूथ है। इस हिसाब से एक मतदान केंद्र पर पैरा मिलेट्री की भारी फौज होगी।
मतदान के दौरान बाहरी सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए 3,244 कांस्टेेबल जवानों को लगाया गया है। इन के साथ 285 सब इंस्पेक्टर, 178 हेड कांस्टेबल और 2,979 होमगार्ड जवानों को चुनाव की जिम्मेदारी दी गई है। मतदान केंद्र की छत (टावर) पर एक पैरा मिलेट्री जवान अत्याधुनिक शस्त्र के साथ मुस्तैद रहेंगे। यदि किसी ने भी मतदान प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने की कोशिश की तो पैरा मिलेर्ट्री के जवान उस पर नियंत्रण करेंगे।
मतदान केंद्र के अंदर जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी पैरा मिलेट्री के जवान खुद लेंगे। वही गेट पर मौजूद पुलिस जवान भी मतदाताओं की तलाशी लेते रहेंगे। फर्जी मतदान का प्रयास करने वाले सीधे थाने या कोतवाली पुलिस के सुपुर्द होंगे।