कपूरापुर गांव में मंगलवार को जिला स्तरीय दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें जाने माने पहलवानों ने कुश्ती के दांवपेंच आजमाए। जीते पहलवानों को नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया। गांव के बाजार में आयोजित दंगल में पहली कुश्ती विकास पहलवान इंदरगढ़ व राजू पहलवान कचाटीपुर के मध्य हुई।
दूसरी कुश्ती साहिल पहलवान कन्नौज व शिवम इंदरगढ़ के मध्य हुई। तीसरी शानू कन्नौज व नंदू इंदरगढ़ के मध्य हुई। इसके बाद रोहित पहलवान गंभीरपुर्वा व मोहित इंदरगढ़, आलोक पहलवान कन्नौज व रीतेश इंदरगढ़, हिमांशू जगतापुर, सत्यम पहलवान गहरा के मध्य कुश्तियां हुई।
यह सभी कुश्तियां एक हजार रुपये के ईनाम की थी। इन कुश्तियों में हार-जीत का निर्णय न हो पाने पर दोनों पहलवानों को बराबर घोषित करके पांच-पांच सौ रुपये का ईनाम दिया गया। तीन हजार रुपये ईनाम की कुश्ती राजू मुचुआपुर व अवधेश सुर्सी के मध्य हुई।
यह कुश्ती राजू पहलवान ने जीती। एक हजार रुपये की कुश्ती शिवकरन मिड़ईपुर्वा व राजेश पहलवान औरैया के मध्य हुई। इसमें राजेश पहलवान विजेता रहे। दो हजार रुपये की कुश्ती बबलू गुरौली व रामजी मझिला के मध्य हुई। इसमें बबलू ने जीत हासिल की। अंतिम कुश्ती राजू मुचुआपुर व गोपीचंद्र फतेहपुर के मध्य हुई।
इसमें राजू विजयी घोषित किए गए। दंगल प्रतियोगिता के आयोजक कन्हैयालाल, रामगोपाल, बसपा नेता सुदीप पटेल, नीरज तिवारी, आदेश पटेल, अमर सिंह, संतोष, वीरेंद्र सिंह ने पहलवानों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।