तिर्वा। इत्र पार्क में बिजली आपूर्ति मुहैया कराने के लिए खींची जा रही लाइन का पोल लगाते समय तीन श्रमिक करंट से झुलस गए। हादसे में एक श्रमिक की मौके पर मौत हो गई जबकि उसका भाई दोस्त झुलस गया। झुलसे श्रमिकों को मेडिकल कॉलेज से कानपुर रेफर किया गया है। वहीं हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।
ठठिया में निर्माण इत्र पार्क में बिजली आपूर्ति के लिए तालग्राम विद्युत उप संस्थान से 33 हजार हाईटेंशन लाइन खींची जा रही है। मंगलवार को तालग्राम थाना क्षेत्र के ढिपारा गांव निवासी नितिन कुशवाहा (26) बड़े भाई सुरजीत उर्फ ननकी और लोहामढ़ गांव निवासी दोस्त सोनपाल के साथ बिजली लाइन के पोल लगा रहा था।
लोहामढ़ गांव में पास ही गुजरी हाईटेंशन लाइन के पास सभी पोल लगा रहे थे। इस दौरान पास से गुजरी लाइन में पोल छू गया। इससे करंट की चपेट में आकर तीनों झुलस गए। श्रमिक नितिन कुशवाहा की मौके पर मौत हो गई जबकि उसका भाई सुरजीत और सोनपाल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने दोनों की हालत नाजुक देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी रितू, मां शांति देवी बेसुध हो गई। दो साल पूर्व ही शादी हुई थी। उसकी एक डेढ़ वर्षीय बेटी है। कोतवाल रामअवतार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रही है।