जीटी रोड हाईवे पर प्रेमपुर के पास बाइक सवार बदमाशों
ने तमंचे के बल पर बाइक सवार दंपति को रोक लिया। बदमाशों ने डरा धमका कर
महिला के जेवरात लूट लिए और फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी
है।
मोहल्ला रामनगर निवासी भाजपा नेता ईश्वर दयाल शुक्ला का भतीजा
अवशेष प्रकाश शुक्ला अपनी पत्नी वंदना को लेकर ससुराल फर्रुखाबाद जनपद के
ग्राम हरी सिंहपुर गए थे। वह अपनी पत्नी को पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के
अंतर्गत 29 अक्तूबर को हुए मतदान में वोट डलवाने ले गया था।
शुक्रवार को वह
वापस घर लौट रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे जब वह जीटी रोड हाईवे पर प्रेमपुर
के आगे पेट्रोलपंप के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रही बाइक ने उसे ओवरटेक कर
आगे आकर तमंचा दिखाकर उसकी बाइक रुकवा ली। बदमाशों ने तमंचा लगाकर उसकी
पत्नी के गले से सोने की जंजीर, मंगलसूत्र और अंगूठी लूट ली।
जेवरात लूटते
समय महिला के गले में चोट भी आ गई। बदमाश घटना को अंजाम देकर तमंचा लहराते
हुए बेवर की तरफ भाग निकले। पीड़ित अवशेष प्रकाश ने बताया कि उसने
नवीगंज चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी। चौकी पुलिस उसके साथ घटनास्थल पर
आई और वहां आकर घटनास्थल जनपद कन्नौज का बताकर वापस लौट गई।
इसके बाद वह
पत्नी को लेकर प्रेमपुर चौकी पहुंचा। वहां से उसे कोतवाली भेज दिया गया।
कोतवाल अरविंद मोहन जायसवाल ने पीड़ित की बात सुनने के बाद कोतवाली के
वरिष्ठ उपनिरीक्षक एसके शुक्ला को मौके पर जांच के लिए भेज दिया। फिलहाल
देर शाम तक मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। कोतवाली में तहरीर दी गई
है। पुलिस सीमा विवाद में उलझी है।