पुलिस हिरासत में बैठी जालसाजी महिला।
- फोटो : Amar ujala
जालसाज महिला ने नगर के दो सर्राफा कारोबारियों को नकली जेवरात गिरवी रखकर हजारों रुपये का चूना लगा दिया। महिला जब तीसरी बार नाम बदलकर पहुंची, तो सर्राफ ने उसे पहचान लिया और पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
शनिवार सुबह नगर के सर्राफा बाजार में मोहल्ला बजरिया निवासी नरेश वर्मा की दुकान पर एक महिला पहुंची और गिरवी रखने के लिए पीतल के जेवरात दिए। महिला ने दस हजार रुपयों की मांग की। उसने अपना नाम जनपद फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद अंतर्गत ग्राम अभयपुर नगरिया निवासी मीरा देवी बताया। सर्राफा व्यवसायी को शक हुआ कि यह महिला पहले भी दुकान पर आ चुकी है।
नरेश ने बताया कि यह महिला 29 अक्टूबर को दस हजार रुपये में झुमकी गिरवी रख गई थी, तब उसने अपना नाम मीरा निवासी टिलियां लिखाया था। बाद में वह झुमकी नकली निकली थी। उन्होंने महिला को पकड़ लिया तो वह शोर मचाने लगी। थोड़ी ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई। वहां पहुंचे सर्राफा व्यवसायी रामप्रकाश वर्मा ने उस महिला को देखकर बताया कि 11 अक्टूबर को यह महिला उनकी दुकान पर दस हजार रुपये में झुमकी गिरवी रख गई थी।
बाद में जांच कराने पर वह पीतल की निकली। सूचना पाकर पुलिस दुकान पर गई और महिला को कोतवाली ले आई। पुलिस हिरासत में उसने अपना नाम ऊषा पत्नी रामानंद उर्फ रामनंदन जाटव निवासी अभयपुर नगरिया बताया। उसके पुत्र दीपक व शिवकुमार भी ठगी के इस कार्य में सहयोग करते हैं। तलाशी में महिला के पास नकली जेवरात भी मिले हैं। कोतवाल राजबहादुर सिंह ने बताया सर्राफ की तहरीर पर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।