फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kannauj News: मारपीट में घायल महिला की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
विशुनगढ़। मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। विवाहिता के अंतिम संस्कार के दौरान मायके पक्ष के लोगों ने श्मशान घाट पर पहुंचकर हंगामा किया। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए चिता पर रखी लकड़ियों को उठाकर फेंकना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर चार थानों की पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। तब कहीं मामला शांत होने के बाद देर शाम अंतिम संस्कार हो सका।
विज्ञापन


क्षेत्र के ग्राम खबरिया निवासी मोहनी (28) मारपीट में 13 जुलाई को गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें इलाज के लिए ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम को शव गांव पहुंचा। ससुराल पक्ष के लोग शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। चिता तैयार कर उस पर शव को मुखाग्नि की तैयारी चल रही थी। इसी बीच हरदोई जिले के लभेड़ा गांव से मोहिनी के मायके पक्ष के लोग पहुंच गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और चिता पर रखी लकड़ियों को फेंकना शुरू कर दिया। श्मशान घाट पर अचानक हुए इस ड्रामे से अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली छिबरामऊ, सौरिख व थाना सकरावा से पुलिस फोर्स को मौके पर बुला लिया गया। डेढ़ घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद थाना प्रभारी ने हंगामा कर रहे मायके पक्ष के लोगों को कानूनी और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। पुलिस के आश्वासन के बाद मायके वाले शांत हुए, जिसके बाद देर शाम महिला का अंतिम संस्कार किया जा सका।
विज्ञापन

थाना प्रभारी ने बताया कि गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में पहले से ही दर्ज प्राथमिकी और मायके पक्ष के आरोपों के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बेटे का झगड़ा छुड़ाने में घायल हुई थी मोहिनी
अंशुल राजपूत की पत्नी मोहिनी पांच वर्षीय बेटे का झगड़ा छुड़ाने पहुंची थीं। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी रामनिवास ने उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं थी। पुलिस ने मोहिनी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पहले उन्हें सीएचसी छिबरामऊ, फिर राजकीय मेडिकल कॉलेज और बाद में ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई रेफर किया गया था, जहां शनिवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मोहिनी के दो मासूम बेटे हर्ष व गोलू हैं। पति ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें