कन्नौज। अश्लील हरकतों का विरोध करने पर भाई के साथ जा रही युवती को टेंपो से उतारकर जमकर पीटा। कोतवाली से लेकर अधिकारियों के दफ्तर के चक्कर काटने के बाद भी पीड़िता को न्याय नहीं मिला। सोमवार को पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती ने एसपी अमित कुमार आनंद को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि दो अगस्त की सुबह 10 बजे वह अपने भाई के साथ रेलवे स्टेशन आने के लिए गांव के बाहर ऑटो का इंतजार कर रही थी।
तभी तिखवा गांव के रहने वाले दो युवक बाइक से आए और अश्लील हरकतें करने लगे। शोर मचाने पर आसपास के कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। भीड़ ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। कहा कि माफी मांगने पर दोनों युवकों को भीड़ के चंगुल से छुड़वा दिया। जिसके बाद दोनों युवक कन्नौज की ओर चले गए। कहा कि कुछ देर बाद वह भाई के साथ ऑटोरिक्शा पर बैठकर स्टेशन आ रही थी।
जैसे ही ऑटो मंडी समिति के पास ओवर ब्रिज के नीचे पहुंचा। तभी दोनों युवकों ने अपने चार अज्ञात साथियों के साथ मिलकर ऑटो को घेर लिया। युवकों ने उसको जबरदस्ती नीचे उतार लिया। उसके साथ छेड़छाड़़ करते हुए पिटाई भी की। बचाने आए भाई को भी जमकर पीटा। आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।