गुरसहायगंज। कोतवाली क्षेत्र की चौकी सराय प्रयाग के गांव रजलामऊ में दरवाजे पर बकरी बांधने के लिए खूंटा गाड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट करने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने बुधवार को छह नामजद समेत 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी नाजिमा बेगम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 16 मार्च को वह घर के सामने बकरी बांधने के लिए खूंटा गाड़ रही थीं। आरोप है कि उसी दौरान गांव के हरिशंकर ने गाली-गलौज करते हुए खूंटा तोड़ दिया। अगले दिन 17 मार्च की सुबह 11 बजे हरिशंकर, हरिओम, मनू, देव, जय गंगा प्रसाद तथा 10-12 अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें तथा उनकी बेटी तबस्सुम को लात-घूंसों और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। नाजिमा बेगम का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की पर सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस संबंध में कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।