एसपी ने रविवार को कोतवाली में ट्रैक्टर लूट का खुलासा किया। पुलिस ने लुटेरे को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। एसपी सर्विलांस व एसओजी टीम को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने का एलान किया है।
एसपी ने बताया कि गत 13 जनवरी की रात एक्सप्रेस वे पर मार्शल सवार बदमाशों ने ट्रैक्टर चालक को बंधक बनाकर ट्रैक्टर को लूट लिया था। इस मामले में उन्नाव जनपद के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के गंजमुरादाबाद कस्बा निवासी वाहिद ने तिर्वा कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले का खुलासा करने के लिए तिर्वा कोतवाल आमोद कुमार के नेतृत्व में सर्विलांस व एसओजी टीम को लगाया गया था।
सूचना पर सीओ तिर्वा अंबरीष कुमार भदौरिया के नेतृत्व में तिर्वा कोतवाल आमोद कुमार सिंह, सर्विलांस टीम प्रभारी पप्पू सिंह ठेनुआ, स्वाट प्रभारी कुलदीप दीक्षित, सर्विलांस टीम प्रभारी तारिक खान ने छापा मारकर अनूप उर्फ अन्नू निवासी अतरौली थाना छिबरामऊ को तमंचे के साथ एक्सप्रेस वे से गिरफ्तार कर लिया। पांच बदमाश पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। गिरफ्तार अनूप की निशानदेही पर लूटा हुआ ट्रैक्टर बरामद कर लिया गया।
भागे हुए बदमाश शम्मी उर्फ अभय प्रताप सिंह निवासी अतरौली, शैलेंद्र चौहान निवासी जैथरा जिला एटा, नीरज यादव निवासी भरतियाकोठी थाना ऊसराहार जनपद इटावा, गौरव वैश्य निवासी पूरनपुर थाना कमालगंज जनपद फर्रुखाबाद, ड्राइवर चौहान निवासी पूरनपुर थाना कमालगंज की तलाश की जा रही है।
एसपी के मुताबिक उक्त गिरोह अंतर्जनपदीय स्तर का है। इन लोगों ने इससे पहले भी वाहन लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। एसपी के मुताबिक गिरफ्तार किए गए अनूप के खिलाफ फतेहगढ़, गाजियाबाद, कन्नौज, फिरोजाबाद में चौदह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।