किसी भी प्रत्याशी ने यदि शराब बांटने का प्रयास किया तो उसकी खैर नहीं
होगी। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शराब पीने या दावत के बाद किसी
व्यक्ति की मौत हो जाती है तो संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ हत्या का मुकदमा
दर्ज कराया जाएगा।
यह हिदायत रविवार को गांव का
भ्रमण करने निकले जिलाधिकारी अनुज कुमार झा और पुलिस अधीक्षक कलानिधि नथानी
ने दी। रविवार की दोपहर ग्राम
मोहननगला पहुंचे और बूथ पर जाकर ग्रामीणों और प्रत्याशियों को बुलाकर
उन्हें शांतिपूर्ण ढंग से मतदान में सहयोग की हिदायत देते हुए प्रत्याशियों
को कड़ी चेतावनी दी कि यदि उन्होंने वोटरों को लुभाने के लिए शराब बांटी
या उन्हें दावत खिलाई तो ऐसे प्रत्याशियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी
कार्रवाई की जाएगी।
शराब या दावत के बाद किसी की मौत होती है, तो संबंधित
प्रत्याशी के खिलाफ धारा 302 के तहत कार्रवाई की जाएगी। मतदान को प्रभावित
करने वालों को चिह्नित कर उन्हें रेड कार्ड जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने
कहा कि अराजकतत्वों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
इस दौरान उन्होंने
गांव की पूर्व प्रधान किताबश्री के पति कैप्टन सतीश यादव को रेड कार्ड जारी
करने के निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि विकास खंड क्षेत्र में लगभग पांच
लोगों को चिह्नित कर उन्हें रेड कार्ड जारी किए जा रहे हैं। कहा कि जिन
लोगों को रेड कार्ड जारी किए गए हैं, उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि वह
लोग सुबह नौ बजे तक अपना वोट डालकर या तो थाने पहुंच जाएं या घर बैठे।