कन्नौज। अतिरिक्त दहेज में कार व चार लाख रुपये न मिलने पर विवाहिता को घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि नौ माह पहले भी मारपीट कर उसको घर से निकाल दिया था। जिस पर उसने ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन सुलह-समझौता के बाद वह ससुराल आ गई थी। कहा कि ससुरालीजन दोबारा अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के देवकली बांगर रिजगिर गांव निवासी रूखसार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसका निकाह 10 नवंबर 21 को मैनपुरी जनपद के कुरावली थाना क्षेत्र के सिरसा कुरावली गांव निवासी आशिक अहमद के साथ हुआ था। पिता ने दान दहेज दिया था। शादी के बाद से पति, सास मदीना, ससुर हबीब अहमद, देवर परवेज व आदिल कम दहेज मिलने का ताना मारने लगे। अतिरिक्त दहेज में चार लाख रुपये और कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर मानसिक व शारीरिक शोषण शुरू कर दिया। कहा कि नौ माह पहले ससुरालीजनों ने मांग पूरी न होने पर घर से निकाल दिया था। उसने पति समेत ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसके बाद सुलह समझौता कर उसको वापस बुला ले गए थे। 25 जुलाई 23 को दोबारा अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए मायके छोड़ दिया। जब परिजनों ने बातचीत करनी चाही तो मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
..................................