कन्नौज। पुराने सिक्कों को सवा करोड़ रुपये में खरीदने का लालच देकर साइबर ठगों ने कारोबारी से पांच हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद उसे रुपयों का वीडियो दिखाकर 15 हजार रुपये और मांगे। कारोबारी ने जब रुपये देने से मना कर दिया तो साइबर ठगों ने उसे धमकी दी। पीड़ित ने बुधवार को पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शहर के मोहल्ला सरायमीरा देविनटोला निवासी रामकुमार सविता ने बताया कि उनके पास पुराने बंद हो चुके सिक्कों का संग्रह है। इसकी फोटो उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट की थी। इसके बाद उसके पास एक युवक का फोन आया और पुराने सिक्कों को सवा करोड़ रुपये में खरीदने की बात कही। उसने रामकुमार से बैंक पासबुक की फोटो मांगी और हैदराबाद की एक कंपनी में पंजीकरण के लिए 1500 रुपये यूपीआई के लिए ले लिए। अगले दिन कस्टम ड्यूटी व पार्सल खर्च के नाम पर 1500 रुपये और ले लिए।
साइबर ठगाें ने आश्वासन दिया कि उनकी टीम हैदराबाद से निकल चुकी है रुपये लेकर शहर के होटल में मिलेगी। इसके बाद दो लाख रुपये खाते में भेजने की बात कही। थोड़ी देर बाद बताया गया कि एक लाख रुपये भेज दिए गए हैं। जब वह बैंक में अकाउंट चेक कराने गए तो कोई रुपये नहीं आए। साइबर ठग ने उससे दो हजार रुपये और डलवा लिए तथा रात तक बैंक खाते में रकम आने की बात कही। अगले दिन उसने 15 हजार रुपये और मांगे। उन्होंने मना कर दिया तो साइबर ठगों ने फोन पर धमकी दी। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी है। साइबर थाना प्रभारी विश्वनाथ मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। साइबर हेल्पलाइन से जानकारी मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।