गुरसहायगंज (कन्नौज)। व्हाट्सएप पर नगर पालिका के ग्रुप में आपत्तिजनक
पोस्ट से गुरुवार को कसबे में तनाव फैल गया। एक संप्रदाय विशेष के सैकड़ों
लोगों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली का
घेराव कर लिया। सनसनी के बीच अफवाहें इस कदर फैलीं कि देखते-देखते बाजार
बंद हो गए।
एसपी कलानिधि नैथानी तुरंत मौके पर पहुंचे। आईजी ने भी
घटनाक्रम की जानकारी ली। तुरंत आरोपी युवक के खिलाफ धार्मिक उन्माद भड़काने
का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
इससे प्रदर्शनकारी शांत हो गए। बाद
में आरोपी युवक को गिरफ्तार भी कर लिया गया। आईजी आशुतोष पांडेय ने आरोपी
युवक के खिलाफ रासुका के तहत भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
गुरसहायगंज
की नगर पालिकाध्यक्ष सपा नेता राधा गुप्ता ने व्हाट्सएप पर नगर पालिका का
ग्रुप बनाया है। इस पर तिर्वा रोड निवासी सौरभ अग्रवाल उर्फ वैभव पुत्र
सुभाष अग्रवाल ने बुधवार की देर रात संप्रदाय विशेष के लिए अशोभनीय टिप्पणी
पोस्ट कर दी।
गुरुवार को खबर फैलते ही सुबह करीब 11 बजे सैकड़ों
लोग नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंच गए। इसी बीच पूर्व बसपा विधायक ताहिर
हुसैन सिद्दीकी, चेयरमैन प्रतिनिधि इंद्रकुमार गुप्ता, सभासद मुश्ताक खां,
अयूब सिद्दीकी आदि भी मौके पर पहुंचे और कोतवाली प्रभारी बीएल यादव से
तत्काल दोषी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हंगामे के दौरान
कसबे में सांप्रदायिक टकराव की अफवाह फैल गई। इससे मार्केट में मौजूद
ग्राहक घरों के लिए भाग खड़े हुए। दुकानदार भी शटर गिराकर सुरक्षित ठिकानों
पर पहुंच गए। देखते-देखते गलियों व बाजार में कर्फ्यू जैसा सन्नाटा पसर
गया।
इस बीच तालग्राम, इंदरगढ़, तिर्वा, कन्नौज आदि थानों से
पुलिस-पीएसी बुला ली गई। अफसरों के फरमान पर तत्काल चेयरमैन के पुत्र
उत्कर्ष गुप्ता की तहरीर पर सौरभ अग्रवाल के खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने
समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
बाद में कोतवाली
पुलिस ने आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष बीएल यादव ने बताया
कि उप निरीक्षक रमेश चंद्र पांडेय ने उसे पूर्वी बाईपास के निकट से दबोचा।
वह कहीं भागने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को मीडिया के समक्ष पेश
नहीं किया।
उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पूछताछ के लिए किसी अज्ञात
स्थान पर ले जाया गया। पुलिस को डर था कि यदि युवक को कोतवाली ले जाया गया
तो वह लोगों के गुस्से का शिकार हो सकता है। एसपी ने बताया कि युवक ने अपनी
गलती मान ली है।
उसने बताया कि मैसेज फारवर्ड किया है। एसपी ने कहा कि यदि किसी ने पोस्ट उसके मोबाइल पर भेजी है तो उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।