कन्नौज। जिले में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही छह ब्लाक प्रमुख निर्विरोध घोषित हो गए। अब केवल उमर्दा और गुगरापुर ब्लाक प्रमुख के लिए शनिवार को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। ब्लाक मुख्यालय पर मतदान के बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए जिला व पुलिस प्रशासन ने शुक्रवार को निरीक्षण कर अफसरों को कड़े निर्देश दिए।
जिले में आठ ब्लाक हैं। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने नाम वापसी प्रक्रिया के बाद कन्नौज से रामू कठेरिया, जलालाबाद से प्रतिभा पत्नी अवनीश कुमार, तालग्राम से सुमन सिंह पत्नी राजीव, छिबरामऊ से सुषमा पाल पत्नी बादाम पाल, सौरिख से कपूरी देवी पत्नी कमलेश कुमार बाथम और हसेरन से सीमा देवी पत्नी पुष्पेंद्र सिंह को ब्लाक प्रमुख पद पर निर्विरोध घोषित कर दिया। यह सभी भाजपा समर्थित प्रत्याशी थे। अब गुगरापुर और उमर्दा ब्लाक प्रमुख के लिए शनिवार को मतदान होगा। गुगरापुर में भाजपा से संदीप चतुर्वेदी और सपा से इसरार खां चुनाव मैदान मेें हैं। यहां 33 बीडीसी सदस्य हैं। उमर्दा ब्लाक प्रमुख के लिए चार प्रत्याशी भाजपा से अजय वर्मा, निर्दलीय इनकी पत्नी पूर्व ब्लाक प्रमुख ज्योत्सना वर्मा, सपा से अनुराधा राजपूत और निर्दलीय प्रतिमा सिंह चुनाव मैदान में हैं। यहां कुल 145 बीडीसी सदस्य हैं।
डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण, बंद रहेंगी दुकानें
कन्नौज। मतदान की व्यवस्था देखने के लिए जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र और एसपी प्रशांत वर्मा ने शुक्रवार दोपहर उमर्दा, गुगरापुर का निरीक्षण किया। इस दौरान नाम वापसी प्रक्रिया के चलते वह हसेरन, खड़िनी भी गए। जिलाधिकारी ने अफसरों से कहा कि मतदान में कोविड नियमों का अनुपालन शत-प्रतिशत सुनिश्चित कराएं। भीड़ किसी भी स्थिति में नहीं दिखनी चाहिए। मतदान केंद्र से 500 मीटर दूर तक सारी दुकानें व सामान्य आवागमन बाधित रहेगा। मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दें। केंद्र की निर्धारित परिधि के अंतर्गत मतदान कार्मिक और मतदाता ही प्रवेश कर सकेंगे। उन्होंने विकास खंड उमर्दा एवं गुगरापुर में सीसीटीवी व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए 500 मीटर की परिधि तक बैरिकेडिंग के निर्देश दिए।