एसडीएम शालिनी प्रभाकर व तहसीलदार ऋषिकांत राजवंशी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
निकाय चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग के निर्देश पर तहसील सभागार में बुधवार की दोपहर उमर्दा ब्लाक के बूथ लेवल अफसरों की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें मतदाता पुनरीक्षण अभियान को एक जुलाई से 31 जुलाई तक फिर से चलाने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम शालिनी प्रभाकर ने कहा कि आयोग के नए निर्देशों के तहत सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में पुनरीक्षण अभियान के तहत 18 से 21 वर्ष तक की आयु को पूरा करने वाले छूटे मतदाताओं के वोट बनाने के लिए फार्म-6 को भरवाएंगे। हाईस्कूल का प्रमाण पत्र अथवा ग्राम प्रधान द्वारा प्रमाणित आयु संबंधी प्रमाणपत्र के जरिए उसकी उम्र प्रमाणित की जा सकेगी। एसडीएम ने बताया कि एंड्राइड मोबाइल पर निर्वाचन आयोग ने नेशनल वोटर्स सर्विस पोर्टल एप को लांच किया है। इस एप के जरिए छूटे मतदाता सीधे आवेदन कर सकते हैं।
तहसीलदार ऋषिकांत राजवंशी ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के तहत नौ व 23 जुलाई को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें सभी बीएलओ अपने बूथों पर सुबह नौ से शाम पांच बजे तक मौजूद रहकर छूटे मतदाताओं के वोट बनाएंगे। उन्होंने बताया कि 29 जून को जिला मुख्यालय पर विभिन्न राजनैतिक पार्टियों के पदाधिकारियों की भी इस संबंध में बैठक होगी।
बीएलओ की बैठक के दौरान करीब चालीस से अधिक बीएलओ नदारद रहे। गैर हाजिर रहने वाले बीएलओ के खिलाफ एसडीएम ने कार्रवाई की चेतावनी दी है।