विधान परिषद चुनाव की तिथियां नजदीक आते ही सत्तारूढ़
सपा ने अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए बिसात बिछानी शुरू कर दी है।
शनिवार को सपा पार्टी कार्यालय पर हुई समीक्षा बैठक में एमएलसी चुनाव
प्रभारी रामवृक्ष यादव व सीएम के निजी सचिव गजेंद्र सिंह ने ब्लाक
प्रमुखों, पंचायत चेयरमैन, जिला पंचायत सदस्य के साथ बंद कमरे में दो घंटे तक लंबी मंत्रणा की।
कहा कि विपक्ष को कभी कम नहीं आंकना
चाहिए। सत्ता में होने के कारण हमें दोगुनी मेहनत से चुनाव में जुटना है।
चुनाव के बाद क्षेत्रवार वोटों की समीक्षा होगी। जिन क्षेत्रों में पार्टी
प्रत्याशी को वोट कम मिलेंगे, उन क्षेत्रों के नेताओं को पर कतरे जाएंगे।
सपा ने इटावा-फर्रुखाबाद एमएलसी सीट पर पुष्पराज जैन को प्रत्याशी घोषित
किया है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सीधी निगरानी वाला जिला होने के कारण
विपक्षी पार्टियों की भी इस सीट को लेकर बेहद दिलचस्पी है। मुख्यमंत्री के
निजी सचिव गजेंद्र सिंह फीड बैक लेने आए हैं। शनिवार को चुनावको लेकर
पार्टी कार्यालय पर बैठक आयोजित हुई। इस दौरान सभी को निर्देश जारी किए गए।
लोकसभा प्रभारी ने कहा यदि कहीं पर आपसी तालमेल गड़बड़ है तो उसको पार्टी
नेतृत्व को अवगत कराए। कहा कि हर समस्या का निदान किया जाएगा।
क्षेत्रवार वोटों की समीक्षा कर रिपोर्ट ऊपर तक भेजी जाएगी। इस मौके पर
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल, सदर विधायक अनिल दोहरे, पूर्व डीडीसी मनीष यादव, हसीब हसन आदि मौजूद थे।
उधर, पार्टी कार्यालय पर बैठक खत्म करने के
बाद बाहर निकले सीएम के निजी सचिव गजेंद्र सिंह को प्रार्थनापत्र देने केे
लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ी। इस दौरान कुछ बाहरी
जिलों के लोगों ने भी पहुंचकर शिकायती पत्र दिए। कुछ ने इलाज के लिए आर्थिक
सहायता देने की मांग की। उन्होंने सभी के प्रार्थनापत्रों को लेकर सीएम तक
पहुंचाने का आश्वासन दिया।